बिलासपुर। प्रदेश में अगले 48 घंटे वर्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण रहेंगे। मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर ने बिलासपुर समेत 13 जिलों में एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना जताते हुए यलो वार्निंग जारी की है। अगले 24 घंटे में जशपुर, सूरजपुर और बलरामपुर में भारी बारिश हो सकती है। इसके बाद बिलासपुर सहित अन्य जिलों में भी वर्षा की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। इसे देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटे में जशपुर, कोरिया, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, बलरामपुर, सूरजपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बिलासपुर, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, राजनांदगांव, कांकेर और नारायणपुर जिलों के एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है। जलभराव बन सकती है समस्या भारी वर्षा से सड़कों पर फिसलन बढ़ने तथा जलजमाव के कारण यातायात प्रभावित होने की आशंका है। निचले इलाकों में बाढ़ की स्थिति बन सकती है। नदियों और नालों पर बने छोटे पुलों को बंद किया जा सकता है। खेतों में जलभराव से फसलों को नुकसान की भी आशंका जताई गई है।
बिलासपुर में भी बरसात के दौरान निचले और जलभराव वाले इलाकों में विशेष सतर्कता जरूरी होगी। मौसम विभाग ने लोगों से नदी-नालों के पास जाने से बचने और मौसम संबंधी अपडेट पर नजर रखने की अपील की है।


Comments
Be the first to comment on this story.