भोपाल। हनुमानगंज पुलिस ने अवैध हथियार के साथ वकील फरमान मोहम्मद को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके साथ हथियार बेचने वाले तस्कर को भी जखीरे के साथ पकड़ा है। दोनों आरोपितों से चार पिस्टल, एक देशी कट्टा, पांच मैगजीन और सात जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। वकील ने करीब दो लाख रुपये में पिस्टल खरीदने की बात कबूली है। वहीं, दूसरे आरोपित के पास से हथियारों का जखीरा मिलने के बाद पुलिस अब तस्करी के नेटवर्क की पड़ताल कर रही है।
डीसीपी जोन-3 आयुष गुप्ता ने बताया कि मंगलवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सिंधी कालोनी चौराहे के पास एक व्यक्ति अवैध पिस्टल लेकर घूम रहा है। थाना प्रभारी अवधेश सिंह भदौरिया ने बताया कि टीम भेजकर घेराबंदी कराई। पुलिस को देखकर भागने की कोशिश कर रहे युवक को पकड़कर तलाशी ली गई तो उसके पास से दो पिस्टल, दो मैगजीन और दो कारतूस मिले। 32 वर्षीय आरोपित फरमान जिला अदालत में वकालत करता है और तलैया थाना क्षेत्र में रहता है।

शौक के लिए खरीदी थी दो लाख की पिस्टल। पूछताछ में फरमान ने बताया कि उसने करीब दो लाख रुपये में पिस्टल खरीदी थी और शौक के लिए अपने पास रखता था। उसने पुलिस को ऐशबाग निवासी 49 वर्षीय अतीक उर्फ बबलू के बारे में बताया। पुलिस ने अतीक को पकड़कर उसकी निशानदेही पर दो पिस्टल, एक देशी कट्टा, तीन मैगजीन और पांच कारतूस बरामद किए। पुलिस के अनुसार, अतीक अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त और तस्करी में शामिल है।
पहले भी दर्ज हो चुका है एनडीपीएस का केस। अतीक के खिलाफ वर्ष 2006 में ऐशबाग थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ था। हनुमानगंज पुलिस ने दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें एक दिन की पुलिस रिमांड मिली है। पुलिस अब हथियारों के स्रोत, सप्लाई नेटवर्क और खरीदारों का पता लगाने में जुटी है।


Comments
Be the first to comment on this story.