भोपाल। राजधानी के वीआईपी रोड स्थित इमामी गेट जोन में बिजली कंपनी के सतर्कता दल ने बिजली चोरी का बड़ा मामला पकड़ा है। निर्माणाधीन पांच मंजिला भवन में मीटर को बाइपास कर बिजली का उपयोग किया जा रहा था। जांच के दौरान कंपनी ने 80,105 यूनिट बिजली चोरी का आकलन करते हुए 18 लाख 36 हजार 458 रुपये की बिलिंग की है।
सतर्कता दल के निरीक्षण में सामने आया कि मेसर्स सुपर बिल्डर्स एंड डेवलपर्स के नाम से लिए गए अस्थायी बिजली कनेक्शन की सर्विस केबल में अनियमितता की गई थी। केबल में कट लगाकर तीनों फेज को बाइपास कर दिया गया था। इसके माध्यम से मीटर की निगरानी से बाहर बिजली का उपयोग किया जा रहा था। इस तरह बिजली की खपत दर्ज किए बिना निर्माण कार्य में बिजली इस्तेमाल की जा रही थी।

कंपनी के रिकॉर्ड के अनुसार इसकी स्वीकृत टैरिफ श्रेणी एलवी-2 टी और स्वीकृत विद्युत भार 10 किलोवाट था। हालांकि, मौके पर जांच के दौरान 24.63 किलोवाट भार पाया गया। यानी भवन में स्वीकृत भार से दोगुने से भी अधिक बिजली का उपयोग हो रहा था। मीटर को बाइपास करने और स्वीकृत भार से अधिक बिजली उपयोग करने का मामला सामने आने के बाद सतर्कता दल ने खपत का आकलन कर बिलिंग की। कंपनी की कार्रवाई से निर्माणाधीन भवन में बिजली चोरी का मामला उजागर हुआ है।


Comments
Be the first to comment on this story.