भोपाल। राजधानी में रसोई गैस की ई-केवाईसी न कराने वाले करीब 40 हजार उपभोक्ताओं पर कनेक्शन कटने की तलवार लटक गई है। भोपाल के कुल 4.5 लाख गैस उपभोक्ताओं में से लगभग 85 प्रतिशत ने ही अब तक प्रक्रिया पूरी की है, जबकि 40 हजार परिवार अब भी ई-केवाईसी से वंचित हैं। गैस कंपनियों इंडेन, एचपी और भारत गैस ने पहले ई-केवाईसी की अंतिम तिथि 16 अगस्त तय की थी, जिसे बाद में बढ़ाकर 23 अगस्त किया गया था।

रविवार को अंतिम तिथि समाप्त होने के बावजूद कंपनियों की ओर से समय सीमा आगे बढ़ाने को लेकर गैस एजेंसियों को कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली है। यदि तारीख आगे नहीं बढ़ती है, तो इन उपभोक्ताओं की गैस सप्लाई बंद हो सकती है, जिससे घरों में बड़ा संकट खड़ा हो जाएगा। प्रशासन ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे किसी भी तरह की परेशानी और कनेक्शन कटने से बचने के लिए समय रहते अपनी ई-केवाईसी तुरंत पूरी कराएं। जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक चंद्रभान सिंह जादौन ने बताया कि रविवार को अवकाश होने के कारण कंपनियों से तारीख बढ़ाने का आधिकारिक मेल नहीं मिला है। चूंकि शहर में 40 हजार परिवारों की ई-केवाईसी अभी बाकी है, इसलिए सोमवार तक स्थिति स्पष्ट होने और नई सूचना मिलने की संभावना है।


Comments
Be the first to comment on this story.