आलमपुर/भिंड । दीपावली का त्योहार नजदीक है और नगर में घरों से लेकर बाजारों तक सफाई का दौर चल रहा है। वहीं दूसरी ओर आलमपुर नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों का वेतन और लंबित एरियर नहीं मिलने से आक्रोश फूट पड़ा। मंगलवार को नाराज सफाईकर्मियों ने काम बंद कर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी। कर्मचारियों ने नगर परिषद कार्यालय के सामने धरना देकर अपना विरोध जताया और कार्यालय के सामने कचरा डाल दिया। इससे कार्यालय परिसर के बाहर गंदगी फैल गई।
सफाईकर्मियों की अचानक हड़ताल से नगर की सफाई व्यवस्था प्रभावित होने लगी है। त्योहार के समय बाजारों में ग्राहकों की भीड़ और घरों से निकलने वाले कचरे के बीच सफाई व्यवस्था बिगड़ने से नागरिकों की परेशानी बढ़ सकती है। प्रदर्शन कर रहे सफाई कर्मचारियों का कहना है कि वे पिछले कई महीनों से नियमित वेतन और करीब दस साल से लंबित एरियर के भुगतान की मांग कर रहे हैं, लेकिन हर बार उन्हें केवल आश्वासन देकर शांत करा दिया जाता है। कर्मचारियों के अनुसार त्योहार के समय भी वेतन नहीं मिलने से परिवार का भरण-पोषण मुश्किल हो रहा है।

दुकानदारों की उधारी बढ़ने के कारण अब खाद्य सामग्री तक मिलना बंद हो गई है। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि सर्दी, गर्मी और बारिश में दिन-रात सफाई करने के बावजूद उन्हें समय पर भुगतान नहीं किया जाता।सफाईकर्मियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों का निराकरण नहीं होगा, तब तक वे हड़ताल समाप्त नहीं करेंगे। कर्मचारियों ने दीपावली से पहले वेतन और एरियर का भुगतान करने की मांग की है। सफाई मित्र संजीव पाथरे ने बताया कि पिछले दस साल से कर्मचारियों को एरियर का भुगतान नहीं हुआ है, जबकि शासन स्तर पर कई बार एरियर बढ़ाया जा चुका है।
नगर परिषद में पांच सफाई मित्र स्थायी हैं, जिन्हें नियमानुसार दस साल बाद क्रमोन्नति का लाभ मिलना चाहिए, लेकिन अब तक यह लाभ भी नहीं दिया गया। अधिकारियों द्वारा हर बार आश्वासन दिया जाता है, लेकिन मांगों पर कार्रवाई नहीं होती। अब कर्मचारी अपना अधिकार लेकर ही रहेंगे।


Comments
Be the first to comment on this story.