भोपाल। बिहार से भोपाल आकर किराये का कमरा लेने और उसी इलाके में चोरी की रैकी करने वाले शातिर चोर को बैरागढ़ पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी दीपू चौहान लंबे समय से पुलिस को चकमा देकर फरार था।अलग-अलग थानों में दर्ज मामलों में उस पर कुल 12 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने उसे छोला इलाके से पकड़ा है और फिलहाल पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है।

बैरागढ़ थाना प्रभारी अशोक गौतम के अनुसार दीपू बिहार से भोपाल आया और छोला इलाके में किराये का कमरा लेकर रहने लगा था। वह जिस इलाके में रहता, वहीं घूमकर बंद मकानों और दुकानों की रैकी करता और मौका मिलते ही वारदात को अंजाम देता था।बैरागढ़ में उसने साथी राहिद खान के साथ पान मसाला एजेंसी की दुकान के ताले तोड़कर करीब दो लाख रुपये चोरी किए थे। चोरी में मिले हिस्से से उसने स्पोर्ट्स बाइक खरीदी, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है। आरोपी गोविंदपुरा, टीटी नगर समेत कई थानों के मामलों में फरार था। गोविंदपुरा के अलग-अलग अपराधों में उस पर 5000, 2000 और 2000 रुपये के इनाम घोषित हैं। उसके खिलाफ कुल सात अपराध दर्ज हैं, जिनमें हत्या के प्रयास का मामला भी शामिल है। पुलिस अब रिमांड में उससे अन्य चोरी और आपराधिक वारदातों के बारे में पूछताछ कर रही है।


Comments
Be the first to comment on this story.