सतना/चित्रकूट। जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच शरभंग नदी के उफान ने शनिवार को मुंबई-हावड़ा रेलमार्ग पर रेल यातायात की रफ्तार थाम दी। चितहरा स्टेशन से खुटहा स्टेशन तक रेलवे ट्रैक पर पानी भर जाने और तेज बहाव की स्थिति ने रेलवे के सामने सुरक्षा का बड़ा संकट खड़ा कर दिया।

हालात को देखते हुए करीब चार घंटे तक इस रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहा और कई ट्रेनों को रास्ते में अलग-अलग स्टेशनों पर रोकना पड़ा। रेलवे सूत्रों के मुताबिक, पानी का बहाव कम होने के बाद ट्रेनों का संचालन दोबारा शुरू कराया गया, लेकिन सुरक्षा के लिहाज से कॉशन ऑर्डर लागू करते हुए ट्रेनों को महज 10 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से निकाला जा रहा है।
यानी ट्रेनों को इस जलमग्न हिस्से से बेहद सावधानी के साथ गुजारा जा रहा है। इस दौरान कुछ ट्रेनों को सगमा, जैतवारा और मझगवां स्टेशनों पर रोककर रखा गया। यात्रियों को घंटों ट्रेनों के भीतर और स्टेशनों पर इंतजार करना पड़ा। स्थिति की निगरानी के लिए जीआरपी और आरपीएफ का अतिरिक्त स्टाफ सतना से मौके की ओर भेजा गया। अचानक रेल परिचालन थमने से मुंबई, जबलपुर, सतना, मानिकपुर और प्रयागराज की ओर जाने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश और नदी के उफान के बीच ट्रैक पर पानी आने से रेलवे को पहले यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देनी पड़ी।


Comments
Be the first to comment on this story.