ग्वालियर। ग्वालियर शहर की पाश कॉलोनियों में रहने वाले लोगों के लिए सड़क पर निकलना अब किसी चुनौती से कम नहीं रहा है।सिटी सेंटर, पंत नगर और कुंदन नगर जैसे प्रमुख और घनी आबादी वाले इलाकों में कई सड़कों की स्थिति बेहद खराब है। सड़कों से डामर और गिट्टी तक गायब हो चुकी है।जर्जर हालत में सड़कों से उड़ती धूल के गुब्बार में सांस लेना दुश्वार हो रहा है। कहीं सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हादसों को दावत दे रहे हैं, तो कहीं पूरी सड़क की ऊपरी परत उखड़ चुकी है। वर्षा का पानी इन गड्ढों में भरने के बाद वाहन चालकों को सड़क की वास्तविक स्थिति का अंदाजा भी नहीं लग पाता।नतीजा यह है कि मुख्य रास्ते छोड़कर लोग गलियों और वैकल्पिक मार्गों से निकलने को मजबूर हैं।

बता दें कि, सिटी सेंटर शहर का प्रमुख व्यावसायिक और आवासीय क्षेत्र है। यहां दिनभर बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही रहती है, लेकिन कई सड़कों की हालत देखकर ऐसा लगता है कि लंबे समय से इनकी सुध नहीं ली गई। जगह-जगह उखड़ी डामर की परत, बाहर निकली गिट्टी और गहरे गड्ढे वाहन चालकों की परेशानी बढ़ा रहे हैं। दोपहिया वाहन चालक विशेष रूप से परेशान हैं।कई स्थानों पर वाहन चालकों को अचानक ब्रेक लगाना पड़ता है, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है। पंत नगर की आंतरिक सड़कों पर भी हालात बेहतर नहीं हैं। सड़क खराब होने की समस्या नई नहीं है। लंबे समय से सड़क की मरम्मत की मांग की जा रही है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हुआ।
मानसून के मौसम में बारिश के बाद गड्ढों में पानी भरने से स्थिति और खराब हो गई है। शाम के समय पर्याप्त रोशनी नहीं होने पर इन गड्ढों का अंदाजा लगाना वाहन चालकों के लिए मुश्किल हो जाता है। इसी प्रकार पंत नगर व कुंदन नगर में कई स्थानों पर सड़क की सतह पूरी तरह उखड़ चुकी है। डामर की जगह गिट्टी दिखाई दे रही है और कुछ हिस्सों में सड़क के किनारे भी टूट गए हैं। स्थानीय रहवासियों का कहना है कि ये नियमित रूप से नगर निगम को संपत्ति कर सहित विभिन्न करों का भुगतान करते हैं, इसके बावजूद मूलभूत सुविधा के रूप में अच्छी सड़क के लिए वर्षों से इंतजार करना पड़ रहा है।


Comments
Be the first to comment on this story.