रायपुर। आरंग थाना क्षेत्र के राटाकाट गांव में महिला की आत्महत्या के करीब चार महीने बाद पुलिस ने उसके पति के खिलाफ आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने का मामला दर्ज किया है। मृतिका के परिजनों के बयान और जांच के दौरान मिले सुसाइड नोट के आधार पर पुलिस ने पति देवशरण निषाद के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, मृतिका पार्वती निषाद (33) की मौत दो अप्रैल की रात से तीन अप्रैल 2026 की सुबह के बीच उसके राटाकाट स्थित मकान में फांसी लगाने से हुई थी।

उस समय पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की थी। अब जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर पति के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है। मर्ग जांच के मुताबिक, पार्वती अपने पति देवशरण निषाद और बच्चों के साथ अलग मकान में रहती थी व किराना दुकान चलाती थी। घटना वाली रात उसका पति काम पर गया था। वह आरंग के अमेठी रोड स्थित बजरंग कैमिकल प्लांट में काम करता था।दो अप्रैल की रात करीब 10 बजे वह काम के लिए घर से निकला था। घर में पार्वती और उसके दो बच्चे थे। अगली सुबह परिवार को जानकारी मिली कि पार्वती कमरे के पंखे से कपड़े का फंदा लगाकर मृत अवस्था में लटकी हुई है।
पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान मृतिका के पास से सुसाइड नोट बरामद हुआ। इसके अलावा मृतिका के पिता, मां, चाची, भाई, पड़ोसी, ग्राम समाज प्रमुख और अन्य गवाहों के बयान लिए गए। बयानों और सुसाइड नोट के आधार पर आरोप सामने आया कि देवशरण अपनी पत्नी को पसंद नहीं करता था और कथित तौर पर दूसरी महिला से बातचीत करता था। शिकायत और पुलिस जांच में यह भी आरोप है कि वह छोटी-छोटी घरेलू बातों को लेकर पार्वती से गाली-गलौज और मारपीट करता था। पुलिस के मुताबिक, लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर पार्वती ने फांसी लगाकर आत्महत्या की।


Comments
Be the first to comment on this story.