रायपुर।गंज थाना क्षेत्र के झूलेलाल चौक स्थित होटल बंसल पैराडाइज में एमएससी छात्रा रीमन मंडावी की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपित किशन के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। साथ ही पुलिस की जांच में भी कई अहम बातें सामने आई हैं। वाराणसी निवासी किशन कुमार भारद्वाज और रीमन की पहचान करीब आठ महीने पहले इंटरनेट मीडिया के माध्यम से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत के बाद मुलाकातें शुरू हुईं और पिछले कुछ समय में वे होटल बंसल पैराडाइज में एक-दो बार मिल चुके थे। इसी वजह से होटल का स्टाफ दोनों को पहले से पहचानता था। 14 अगस्त को भी दोनों उसी होटल में मिलने पहुंचे थे। फिलहाल होटल में ऐसा क्या हुआ कि किशन ने रीमन पर चाकू से हमला कर दिया, इसकी जांच पुलिस कर रही है।

पुलिस के अनुसार किशन कुमार भारद्वाज (27) वाराणसी का रहने वाला है। वह सशस्त्र बल में भर्ती की तैयारी कर रहा था। उसका एक भाई सेना में है। दूसरी ओर रीमन मंडावी (26) मोहला-मानपुर क्षेत्र की रहने वाली थी और रायपुर के जोरा स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में एमएससी प्रथम वर्ष की छात्रा थी। वह पढ़ाई के लिए जोरा में किराये के मकान में रह रही थी। 14 अगस्त की सुबह करीब नौ बजे किशन होटल बंसल पैराडाइज पहुंचा। होटल स्टाफ उसे पहले से जानता था। उसने डबल बेड कमरा मांगा और बताया कि रीमन थोड़ी देर में आने वाली है। होटल मैनेजर ने दोनों की पहचान के लिए आइडी की जानकारी मांगी तो किशन ने बताया कि पहले से होटल के रिकार्ड में दोनों के आधार कार्ड दर्ज हैं। रिकार्ड देखने के बाद उसे तीसरे फ्लोर का कमरा नंबर 401 दिया गया।
एसीपी कोतवाली दीपक मिश्रा ने बताया कि फिलहाल युवक की सर्जरी की गई है। फिलहाल युवक बोलने की स्थिति में नहीं है। इसलिए अभी उसका बयान नहीं हो सका है। उसके बयान के बाद ही हत्या के कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस ने रीमन के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। साथ ही किशन के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी है।


Comments
Be the first to comment on this story.