रायपुर। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपनी नई संगठनात्मक टीम की घोषणा कर दी है। इस नई कार्यकारिणी में सबसे चौंकाने वाला बदलाव पार्टी के डिजिटल और आईटी विंग में देखने को मिला है। भाजपा ने करीब 11 सालों से आईटी सेल के राष्ट्रीय संयोजक पद पर तैनात अमित मालवीय को पदमुक्त कर दिया है। उनकी जगह छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ नेता दीपक महस्के को पार्टी के आईटी सेल की कमान सौंपी गई है।

अमित मालवीय वर्ष 2015 से लगातार भारतीय जनता पार्टी के आईटी सेल के राष्ट्रीय संयोजक के रूप में जिम्मेदारी संभाल रहे थे। नई टीम के गठन के साथ ही उन्हें इस जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया गया है। वहीं, नई कार्यकारिणी में प्रीति गांधी को आईटी सेल का सह-संयोजक नियुक्त किया गया है। बीजेपी के नए आईटी सेल प्रमुख दीपक महस्के छत्तीसगढ़ से ताल्लुक रखते हैं और पार्टी के एक प्रमुख चेहरा रहे हैं। वे पूर्व में भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं और संगठन व मीडिया गतिविधियों में काफी सक्रिय भूमिका निभाते आए हैं। हाल के वर्षों में उन्हें छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन (CGMSC) का अध्यक्ष भी नियुक्त किया गया था।
दीपक महस्के की पहचान भाजपा में एक तकनीक-दक्ष, ऊर्जावान और रणनीतिक सोच वाले युवा नेता के रूप में होती है। उन्होंने पार्टी के डिजिटल अभियानों और सोशल मीडिया विंग को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। आगामी चुनावों और डिजिटल परिदृश्य को ध्यान में रखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उनकी रणनीतिक क्षमता पर भरोसा जताते हुए यह महत्वपूर्ण राष्ट्रीय जिम्मेदारी सौंपी है।


Comments
Be the first to comment on this story.