धार। कान में कुछ घुसने का अहसास हुआ तो 15 वर्षीय आदिवासी बालिका और उसके परिजनों को लगा कि कोई छोटा कीड़ा कान में चला गया है। उसे निकालने के लिए पानी भी डाला गया, लेकिन करीब एक घंटे तक राहत नहीं मिली। जब चिकित्सक ने कान के भीतर बारीकी से जांच की और दिखाई दे रही पूंछ को सावधानी से बाहर निकाला तो सामने आया कि कान में कोई मामूली कीड़ा नहीं, बल्कि छोटा बिच्छू घुसा हुआ था।

कान से बिच्छू निकलते ही बालिका और उसके परिजन भी हैरान रह गए। मामला धार जिले के बाग क्षेत्र के ग्राम वेकलिया का है। जानकारी के अनुसार बनसिंह चौहान की 15-16 वर्षीय बेटी अंतिम घर में चारे का भारा और अन्य सामान इधर-उधर कर रही थी।इसी दौरान उसे अचानक कान में कुछ घुसने जैसा महसूस हुआ। कान में हलचल और असहजता होने पर उसे लगा कि कोई छोटा कीड़ा भीतर चला गया है। परिजनों ने भी इसी आशंका में उसे बाहर निकालने का प्रयास किया और कान में पानी डाला, लेकिन परेशानी कम नहीं हुई।
करीब एक घंटे तक प्रयास के बाद भी जब राहत नहीं मिली तो परिजन उसे बाग में वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. आरके शिंदे के पास लेकर पहुंचे। कान की जांच के दौरान भीतर कुछ जीव जैसा दिखाई दिया। आवश्यक सावधानी बरतते हुए उपचार किया गया। इसी दौरान कान से किसी जीव की हल्की पूंछ बाहर दिखाई दी। उसे सावधानीपूर्वक बाहर निकाला गया तो सभी के होश उड़ गए—वह छोटा बिच्छू था।


Comments
Be the first to comment on this story.