भिलाई।दुर्ग जिले में वर्ष 2026 के पहले सात महीनों में गुमशुदगी के मामलों ने पुलिस के सामने बड़ी चुनौती पेश की है। जनवरी से जुलाई तक जिले में कुल 1081 लोग गुमशुदा हुए। इनमें 61 बालक, 171 बालिकाएं, 266 पुरुष और 583 महिलाएं शामिल हैं। पुलिस ने इनमें से 728 लोगों की खोज कर ली है, जबकि 353 लोग अब भी खोजबीन जारी है और वे लापता हैं।

पुलिस के आंकड़ों के अनुसार गुमशुदगी के मामलों में महिलाओं की संख्या सबसे अधिक रही। सात महीनों में 583 महिलाएं गुम हुईं, जिनमें से 400 को पुलिस ने तलाश लिया, जबकि 183 महिलाएं अभी भी लापता हैं। इसी तरह 171 बालिकाओं के गुमशुदा होने की रिपोर्ट दर्ज हुई, जिनमें 112 को खोज कर लिया गया और 59 का अब तक पता नहीं चल सका है। 266 गुमशुदा पुरुषों में 172 खोज लिए गए और 94 अभी लापता हैं। वहीं 61 बालकों में 44 को तलाश लिया गया, जबकि 17 अब भी खोजबीन जारी है।
माहवार आंकड़ों पर नजर डालें तो जुलाई में सबसे अधिक 172 गुमशुदगी दर्ज हुई। इनमें 16 बालक, 29 बालिकाएं, 36 पुरुष और 91 महिलाएं शामिल हैं। पुलिस ने जुलाई में 67 लोगों को दस्तयाब किया, जबकि 105 अब भी लापता हैं।
जुलाई में ऐसे लोगों की संख्या सातों महीनों में सर्वाधिक रही। मार्च में 161 और अप्रैल में 158 लोग गुम हुए। मार्च में 113 तथा अप्रैल में 122 लोगों को खोज लिया गया। जून में 169 गुमशुदगी के मामलों में 110 लोगों को तलाश लिया गया। मई में 149 में से 79 और फरवरी में 126 में से 105 लोगों को दस्तयाब किया गया। जनवरी में दर्ज 146 गुमशुदगी में से 132 लोगों को पुलिस ने तलाश लिया। जनवरी से जुलाई तक कुल 1081 गुमशुदाओं में से 353 लोगों का अब तक पता नहीं चला है। इनमें 17 बालक, 59 बालिकाएं, 94 पुरुष और 183 महिलाएं शामिल हैं। आंकड़े बताते हैं कि खोजने के मामलों में भी महिलाओं की संख्या सबसे अधिक है।
पुलिस ने वर्ष 2026 में दर्ज गुमशुदगी के मामलों के साथ-साथ पिछले वर्षों के मामलों में भी लोगों को तलाशने में सफलता हासिल की है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2025 एवं उससे पूर्व के मामलों में दो बालक, 20 बालिकाएं, 180 पुरुष और 312 महिलाओं सहित कुल 514 लोगों की खोज की गई। वर्ष 2026 में अब तक 46 बालक, 132 बालिकाएं, 352 पुरुष और 712 महिलाएं, कुल 1242 लोगों की खोजबीन दर्ज की गई है। इसमें चालू वर्ष के साथ पूर्व वर्षों के मामलों में हुई दस्तयाबी भी शामिल है। गुमशुदगी के इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि दुर्ग जिले में महिलाओं और नाबालिग बालिकाओं से जुड़े गुमशुदगी के मामलों पर विशेष निगरानी और त्वरित कार्रवाई की जरूरत है। पुलिस के लिए चुनौती अब उन 353 लोगों तक पहुंचने की है, जिनका अब तक सुराग नहीं मिल पाया है।


Comments
Be the first to comment on this story.