सागर। फर्जी फर्म और म्यूल खातों से करोड़ों का आनलाइन सट्टा खिलाने वाले गिरोह का सागर पुलिस ने राजफास किया है। गिरोह सरगना के भोपाल स्थित मकान पर छापा मारकर पुलिस ने 2.69 करोड़ रुपये नकद, 30 लाख का सोना और नोट गिनने की मशीन जब्त की। उधर, आनलाइन गेम से आए काले धन को खपाने के लिए खोली गई 30 से अधिक फर्जी फर्मों का भी पता चला है।पुलिस ने छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है। ठग बेरोजगार और सामान्य लोगों के दस्तावेज हासिल कर उनके नाम पर फर्जी फर्म और बैंक खाते खोलकर रूपये का लेन-देन करते थे। पुलिस की जांच में करीब 5.50 करोड़ रुपये से अधिक के लेन-देन का खुलासा हुआ है।

एसपी अनुराग सुजानिया ने बताया कि मामले में धर्मेंद्र नाहर निवासी सागर, सोनू दांगी निवासी सागर, अमित विश्वकर्मा निवासी इंदौर, विपिन गिरी, स्वर्णेंद्र पांडे, ऋषभ पटेल तीनों निवासी भोपाल को गिरफ्तार किया है। जबकि दो आरोपित सरमन उर्फ शुभम रैकवार और ऋषि केशव सिंह दोनों निवासी भोपाल फरार हैं। आनलाइन बेटिंग का संचालन ऋषभ पटेल करता था।
गिरोह के सदस्य बेरोजगार लोगों को कमीशन और पैसों का लालच देकर उनके आधार सहित अन्य दस्तावेज हासिल करते थे। जिनसे फर्जी फर्म तैयार कर निजी बैंकों में करंट अकाउंट खुलवाए जाते थे। बाद में इन खातों का नियंत्रण गिरोह अपने हाथ में ले लेता था। इन खातों के माध्यम से आनलाइन सट्टे और साइबर ठगी से मिली रकम का ट्रांजेक्शन और सर्कुलेशन होता था।
जांच में ग्लैमर इंटरप्राइजेस, भूपेंद्र इंटरप्राइजेस, सूर्या इंटरप्राइजेस, समृद्धि टूर एंड ट्रेवल्स, लवली स्वीट एंड मसाला चाट सेंटर, कार्तिक इलेक्ट्रानिक्स, स्टार इंटरप्राइजेस, राजपूत इंटरप्राइजेस, अनुभव ट्रेडर्स, सागर ट्रेडर्स, शर्मा जी इंटरप्राइजेस, सौरभ इंटरप्राइजेस, माखन इंटरप्राइजेस, अंकेश इंटरप्राइजेस, तनविक इंटरप्राइजेस, यूनिक टूर एंड ट्रेवल्स, महाकाल ट्रेडर्स, मैक्स ट्रेडर्स, बालाजी ट्रेडर्स और जय महाकाल टूर एंड ट्रेवल्स सहित 30 से अधिक फर्जी फर्मों का पता चला है।


Comments
Be the first to comment on this story.