सागर। शहर में सरेराह मारपीट की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। गुरुवार को पीली कोठी यात्री प्रतीक्षालय के पास दो युवतियों के बीच जमकर मारपीट हो गई। दोनों ने एक-दूसरे पर थप्पड़ और लात-घूंसे बरसाए। एक युवती ने दूसरी को जमीन पर पटककर भी पीटा। सड़क पर दिनदहाड़े युवतियों के बीच हो रही मारपीट देखने के लिए मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना मिलने पर गोपालगंज पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को थाने ले गई।

पुलिस के अनुसार मकरोनिया क्षेत्र निवासी 18 वर्षीय युवती कन्या महाविद्यालय में पढ़ती है। गुरुवार दोपहर करीब 12:30 बजे वह घर से कॉलेज जा रही थी। इसी दौरान पीली कोठी के सामने उसे उसकी पूर्व सहेली मिल गई। दोनों के बीच किसी पुरानी बात को लेकर विवाद हुआ और देखते ही देखते दोनों सड़क पर एक-दूसरे से मारपीट करने लगीं। युवती का आरोप है कि पूर्व सहेली का उसके घर आना-जाना था और इसी दौरान उसने घर से सोने की अंगूठी चोरी कर ली थी। इसके अलावा युवती ने पूर्व सहेली पर अपने पति से प्रेम प्रसंग होने का भी आरोप लगाया। इन्हीं बातों को लेकर दोनों के बीच पहले से विवाद चल रहा था।
मारपीट के दौरान दोनों युवतियों को चोटें आईं। पुलिस दोनों को थाने लेकर पहुंची, जहां एक युवती की मां और दूसरी के पति व जेठ भी थाने में पहुंच गए। इस दौरान युवती की मां की पुलिस से कहासुनी भी हुई। बाद में पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाइश दी। पूछताछ के बाद दोनों युवतियों ने एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत करने और अस्पताल में इलाज कराने से इनकार कर दिया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनसीआर दर्ज कर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की और उन्हें छोड़ दिया।
गोपालगंज थाना प्रभारी घनश्याम शर्मा ने बताया कि पीली कोठी यात्री प्रतीक्षालय के पास दो युवतियों के बीच किसी बात को लेकर मारपीट हुई थी। दोनों एक-दूसरे की परिचित हैं और उनका पहले से विवाद चल रहा है। दोनों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।


Comments
Be the first to comment on this story.