खंडवा। स्कूल से घर लौटते समय सड़क पार कर रहे 11 वर्षीय छात्र की तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से मौत हो गई। हादसा शनिवार शाम खंडवा-अमरावती स्टेट हाईवे पर ग्राम गुड़ी के पास माताबेड़ी में हुआ। मृतक निखिल पुत्र हरदास गौंड निवासी सीताबेड़ी कक्षा पांचवीं का छात्र था और परिवार का इकलौता बेटा था। जानकारी के अनुसार निखिल शनिवार शाम करीब पांच बजे गुड़ी के सरकारी स्कूल से बस में सवार होकर माताबेड़ी पहुंचा था। बस से उतरने के बाद वह हाईवे पार कर रहा था।इसी दौरान तेज गति से आ रही पिकअप क्रमांक एमएच 27डीटी 2515 ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि निखिल के सिर में गंभीर चोट आई और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे की सूचना पर पिपलोद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। टीआई विक्रम धारवे ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा है। पिकअप को मौके से जब्त कर लिया गया है, जबकि चालक हादसे के बाद वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। निखिल के चाचा की माताबेड़ी में हाईवे किनारे चिप्स की दुकान है। वह स्कूल से लौटने के बाद वहीं बैठकर पढ़ाई करता था। पिता मजदूरी करते हैं। दो बहनों के बीच इकलौते बेटे की मौत से परिवार में मातम है।
निखिल के चाचा की माताबेड़ी में हाईवे किनारे चिप्स की दुकान है। वह स्कूल से लौटने के बाद वहीं बैठकर पढ़ाई करता था। पिता मजदूरी करते हैं। दो बहनों के बीच इकलौते बेटे की मौत से परिवार में मातम है।


Comments
Be the first to comment on this story.